बेजा कब्जा पर नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई

 

कोरबा( राज्यभूमि)नगर निगम में शहर की सरकार का कार्यकाल खत्म हो गया है। प्रदेश सरकार ने कोरबा नगर निगम में प्रशासक के तौर पर कलेक्टर अजीत वसंत को नियुक्त किया है। इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र में कई प्रकार के कार्यों को निगम प्रशासन गति देने में लगा हुआ है। इसमें विकास कार्यों को बढ़ावा देने के साथ-साथ शासकीय जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाना भी शामिल है।

इसी कड़ी में नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने शहर में विभिन्न स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का कार्य शुरू किया है। गुुरुवार को नगर निगम के अफसर राजस्व विभाग की टीम के साथ निगम के वार्ड क्रमांक तीन राताखार में पहुंचे। यहां सरकारी जमीन पर किए जा रहे कब्जे को नगर निगम ने हटा दिया। कई मकानों पर जेसीबी मशीन चला दिया। जिन मकानों पर कार्रवाई हुई उसमें कच्चे-पक्के दोनों मकान शामिल हैं। निगम की ओर से सर्वमंगला बायपास रोड पर श्मशान घाट के करीब खाली पड़ी जमीन पर भी कार्रवाई हुई है। इस जमीन को कब्जाधारियों ने घर लिया था। इस पर कच्चे-पक्के मकान बनाए जा रहे थे। इसकी सूचना नगर निगम के अधिकारियों को मिली। अफसरों ने वरिष्ठ अधिकारियों से सलाह मशविरा लेकर इसे हटाने की कार्रवाई शुरू किया। निगम की ओर से बताया गया है कि बायपास रोड पर श्मशान घाट के करीब लोगों ने सफेद ईंट से जोड़ाई कर कई स्थान पर पक्का मकान बना लिया था। इसे हटाने के लिए कई बार चेतावनी दी गई थी लेकिन लोगों ने इसे नहीं हटाया। इसके बाद नगर निगम के तोडूदस्ते ने कार्रवाई शुरू की है। इस दौरान निगम अमले के साथ कोरबा के अपर कलेक्टर के अलावा कोतवाली पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। हालांकि प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान किसी ने विरोध नहीं जताया।