जून माह में गुप्त नवरात्रि से लेकर रथ यात्रा तक व्रत-त्योहारों की रहेगी धूम, ज्येष्ठ और आषाढ़ मास का बन रहा संयोग।
कोरबा,(राज्यभूमि)। जून का महीना धार्मिक दृष्टि से काफी खास होता है, क्योंकि इस दौरान जल से जुड़े व्रत-त्योहारों का विशेष महत्व होता है।इस महीने में मां दुर्गा की आराधना के लिए गुप्त नवरात्रि का आयोजन होता है, जिसमें दस महाविद्याओं की पूजा की जाती है। यह साधना गुप्त रूप से की जाती है और आध्यात्मिक रूप से बेहद शक्तिशाली मानी जाती है।इस बार जून में ज्येष्ठ और आषाढ़ मास का संयोग बन रहा है, जिससे इस महीने के पर्व और भी खास हो जाते हैं। इस दौरान गंगा दशहरा, निर्जला एकादशी, वट पूर्णिमा, गुप्त नवरात्रि और जगन्नाथ रथ यात्रा जैसे कई प्रमुख व्रत और त्योहार मनाए जाएंगे। निर्जला एकादशी (6 जून) का व्रत सबसे कठिन उपवासों में से एक माना जाता है। यह व्रत इतना पुण्यदायी होता है कि इसे रखने से वर्ष भर की सभी 24 एकादशियों का फल प्राप्त होता है। 5 जून को गंगा दशहरा का पावन पर्व मनाया जाएगा। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से शरीर, वाणी और मन से जुड़े दस पापों से मुक्ति मिलती है। 27 जून को प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुभद्रा माता रथों पर सवार होकर भक्तों के बीच नगर भ्रमण के लिए निकलते हैं। रथ खींचने से सौभाग्य की प्राप्ति होती है। 26 जून को आषाढ़ गुप्त नवरात्रि का आरंभ होगा। इस नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा गुप्त रूप से की जाती है, जिससे साधक को शक्ति, साधना और तंत्र विद्या में सिद्धि प्राप्त होती है।
जून व्रत माह त्यौहार।
5 जून गंगा दशहरा
4 जून- महेश नवमी
6 जून- निर्जला एकादशी
8 जून- प्रदोष व्रत 2025
10 जून- वट सावित्री पूर्णिमा व्रत
11 जून- कबीरदास जयंती, ज्येष्ठ पूर्णिमा
12 जून- आषाढ़ माह शुरू
14 जून-कृष्ण पिंगल संकष्टी चतुर्थी
15 जून- मिथुन संक्रांति
21 जून-योगिनी एकादशी
23 जून- प्रदोष व्रत, मासिक शिवरात्रि
25 जून- आषाढ़ अमावस्या
26 जून- आषाढ़ गुप्त नवरात्रि
27 जून- जगन्नाथ रथ यात्रा
28 जून- विनायक चतुर्थी