*जिले के सर्वश्रेष्ठ रोवर, रेंजर एवं स्काउट-गाइड को दिया गया राज्यपाल पुरस्कार ,पर्यावरण एवं प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए कार्य करें – रमेन डेका*
*मुंगेली राज्यभूमि* – राज्यपाल महामहिम रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आज राजभवन में स्काउट्स और गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल डेका ने राज्य के सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर, रोवर, रेंजर, एवं स्काउट-गाइड को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की समस्या को देखते हुए प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सबकी सबसे बड़ी जवाबदारी है। स्काउट्स एवं गाइड्स को इसमें अपना सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी से एक पेड़ मां के नाम पर लगाने और दोस्तों एवं परिजनों को भी इसकेे लिए प्रेरित करने को कहा।
मुंगेली जिले से ये हुए सम्मानित जिसमें भागवत कुमार साहू (स्कॉउट)
शासकीय उ. मा. विद्यालय बिरगॉव, मुंगेली,पिया सिह (गाइड)
शासकीय कन्या शाला मुंगेली,अनुराग बर्मन (रोवर) रविंद्र भारती उ. मा. विद्यालय मदनपुर ,श्वेत कुमारी साहू (रेंजर)
रविंद्र भारती उ. मा. विद्यालय मदनपुर स्काउट प्रभारी एवं जिला सचिव मोनू बेलदार राजभवन में राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त किए।
डेका ने सम्मान प्राप्त होने पर स्काउट्स एवं गाइड्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स अपने आदर्श वाक्य ‘‘तैयार हो‘‘ के अनुरूप हमेशा अपने कर्तव्य और जिम्मेदारी के साथ देश और समाज की मदद हेतु तत्पर रहते हैं। देश के युवाओं को अच्छे नागरिक बनने, आत्मनिर्माण करने और सेवा कार्य हेतु सदा तैयार रहने की प्रेरणा देते हैं। आज भारत के युवा, अपने लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उसी दिशा में कदम बढ़ाते हैं जहां उन्हें अपना कैरियर बनाना है। उसके लिए कठिन परिश्रम और लगन के साथ समय प्रबंधन बहुत जरूरी है। अगर एक बार, दो बार अपने लक्ष्य से चूक भी गए तो निराश मत हो बल्कि उन असफलताओं और पिछले अनुभवों से सीख कर आगे बढ़ें। हार नहीं मानते हुए पुनः अपने आप को तैयार करें और लक्ष्य की ओर बढें, सफलता जरूर मिलेगी। अनुशासन, दृढ़ संकल्प और स्वयं पर विश्वास, सफलता की ओर ले जाता है।
डेका ने छत्तीसगढ़ के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स द्वारा आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, पेड़ लगाने और उन्हें संरक्षित रखने, साइबर अपराध, जाति भेदभाव जैसे अन्य विषयों पर विभिन्न माध्यमों से समाज को जागरूक करने के कार्य की सराहना की और राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में रोवर्स, रेंजर्स दलों का पंजीयन और गठन होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए राज्य अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल और राज्य मुख्य आयुक्त डॉ सोमनाथ यादव को बधाई दी।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव एवं आभार प्रदर्शन राज्य सचिव कैलाश सोनी ने दिया।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर प्रसन्ना, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी राज्य के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न जिलों से आये हुए स्काउटर, गाइडर, रोवर, रेंजर एवं स्काउट-गाइड उपस्थित थे। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी मनोज कश्यप ने दी ।